![]() |
| बिलासपुर में महिला कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। |
मामले में पुलिस ने आरोपी अभिषेक सलूजा के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों और उसके परिचितों के यहां दबिश दे रही है।
रैपिडो राइड के दौरान हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार, कोरबा निवासी 25 वर्षीय युवती व्यापार विहार स्थित एक निजी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में काम करती है। उसकी जिम्मेदारी लोगों से संपर्क कर उन्हें अलग-अलग बीमा योजनाओं की जानकारी देना है।
शिकायत के मुताबिक, 27 अक्टूबर को युवती ने रायपुर जाने के लिए रैपिडो बुक किया था। दयालबंद निवासी अभिषेक सलूजा बाइक से उसे रेलवे स्टेशन छोड़ने पहुंचा। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई और मोबाइल नंबर साझा किए गए।
बातचीत के दौरान युवती ने आरोपी को बताया कि वह एक बीमा कंपनी में काम करती है और लोगों को विभिन्न पॉलिसी प्लान के बारे में जानकारी देती है।
पॉलिसी खरीदने की इच्छा जताकर किया संपर्क
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, अगले दिन आरोपी ने युवती से संपर्क कर बीमा पॉलिसी के बारे में जानकारी मांगी और उसे खरीदने की इच्छा जताई। इसके बाद युवती उसे योजना समझाने के लिए पहुंची।
आरोप है कि बातचीत के दौरान आरोपी ने शोरगुल का हवाला देते हुए किसी शांत जगह पर बैठकर पॉलिसी समझने की बात कही। इसके बाद वह युवती को स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में ले गया।
कमरे में बंद कर दुष्कर्म करने का आरोप
शिकायतकर्ता के मुताबिक, लॉज के कमरे में पहुंचने के बाद आरोपी ने दरवाजा बंद कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने विरोध किया तो उसे धमकी देने का भी आरोप है। घटना के बाद आरोपी मौके से चला गया।
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर पर नहीं मिला आरोपी, पुलिस कर रही तलाश
एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला।
पुलिस को पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि घटना के बाद आरोपी के परिजनों ने उसे घर से बाहर कर दिया है। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों और परिचितों के यहां पहुंच रही है।
लॉज संचालक की भूमिका की भी जांच
मामले में लॉज की सुरक्षा व्यवस्था और पहचान संबंधी नियमों के पालन को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
टीआई सनिप रात्रे के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने बताया कि लॉज में उससे पहचान संबंधी दस्तावेज लिए गए, लेकिन आरोपी से पहचान पत्र नहीं मांगा गया था।
पुलिस पूछताछ में लॉज संचालक ने बताया कि आरोपी स्थानीय निवासी होने के कारण उससे पहचान पत्र नहीं लिया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लॉज संचालक को नोटिस जारी करने और नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
