छत्तीसगढ़ में 2 बड़े सड़क हादसे, 5 की मौत; जन्मदिन से लौट रहे युवकों की कार भीषण हादसे का शिकार

छत्तीसगढ़ में दो सड़क हादसों के बाद दुर्घटनास्थल की प्रतीकात्मक तस्वीर
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव और बालोद में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हुई।
छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जगह हुए दो सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा राजनांदगांव जिले में हुआ, जहां जन्मदिन मनाने ढाबे जा रहे पांच दोस्तों की कार पुलिया से टकरा गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हुई, जबकि दो घायलों का इलाज जारी है।

दूसरा हादसा बालोद जिले में हुआ। यहां श्राद्ध कार्यक्रम से बाइक पर घर लौट रहे पिता और उनके 12 वर्षीय बेटे की खड़े ट्रक से टक्कर के बाद मौत हो गई। हादसे में उनका 8 वर्षीय छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ है।

राजनांदगांव में हादसा शनिवार रात करीब डेढ़ बजे टेडेसरा बस्ती के पास नेशनल हाईवे पर हुआ। पुलिस के मुताबिक, पांचों युवक भिलाई से राजनांदगांव की ओर ढाबे में खाना खाने जा रहे थे। मामला सोमनी थाना क्षेत्र का है।

मृतकों की पहचान अभिषेक सिंह ठाकुर (30), तोषण तिवारी (29) और प्रशांत दास (27) के रूप में हुई है। अभिषेक सिंह ठाकुर ठेकेदार थे और दुर्ग में इलेक्ट्रिकल एवं सिविल सरकारी कॉन्ट्रैक्टर के तौर पर छत्तीसगढ़ शासन के लिए काम करते थे।

परिजनों के मुताबिक, 3 अक्टूबर को अभिषेक ने दिन में परिवार के साथ अपना जन्मदिन मनाया था। इसके बाद वह दोस्तों के साथ रात में ढाबे में खाना खाने निकले थे। पांचों एक कार में सवार थे।

जानकारी के अनुसार, दोस्त पहले एक ढाबे पर पहुंचे, लेकिन वहां खाना नहीं मिलने के बाद आगे बढ़े। बाद में वे दूसरे ढाबे पर रुके, जबकि अभिषेक कार लेकर आगे निकल गए थे। इसके बाद कार को वापस मोड़कर लौटते समय सोमनी नाले के सामने हादसा हो गया।

हादसे में अभिषेक सिंह ठाकुर और तोषण तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल प्रशांत दास को मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव ले जाया गया था, जहां रविवार को उसकी मौत हो गई। सूरज पांडे और चिंटू का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

राजनांदगांव के सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में कार की रफ्तार काफी तेज होने की बात सामने आई है। कार पुलिया से टकराने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, अभिषेक की दो छोटी बेटियां हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

दूसरा हादसा बालोद जिले में रविवार शाम करीब 7 बजे हुआ। अरमरीकला में पेट्रोल पंप के सामने गुंडरदेही-धमतरी मुख्य मार्ग पर एक बाइक खड़े ट्रक से टकरा गई। मामला सनौद थाना क्षेत्र का है।

ग्राम कजराबांधा निवासी डागेश्वर साहू (34) अपने दोनों बेटों 12 वर्षीय वेद प्रकाश और 8 वर्षीय अनुराग साहू के साथ ग्राम मोहारा में मामा के घर गए थे। वे वहां सामाजिक पितृ श्राद्ध मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अरमरीकला के पास मुख्य सड़क पर खड़े ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। पुलिस के अनुसार, अंधेरा होने के कारण बाइक सवारों को सड़क पर खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया।

हादसे में डागेश्वर साहू और उनके 12 वर्षीय बेटे वेद प्रकाश की मौत हो गई। वहीं 8 वर्षीय अनुराग साहू गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है।

सनौद पुलिस ने पिता और बेटे के शव का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए गुरुर मर्चुरी भेज दिया है। दोनों हादसों में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई जारी है।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال