![]() |
| भिलाई के सेक्टर-5 में स्कूटी और कार की टक्कर में 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई। |
मृत युवती की पहचान तालपुरी कॉलोनी के बी ब्लॉक निवासी अक्षिता अवचट (20), पिता गजानन अवचट, के रूप में हुई है। उनके साथ स्कूटी पर सवार आयुष कुमार पचौरी (17), पिता विनोद पचौरी, भी दुर्घटना में घायल हुए। दोनों को उपचार के लिए सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान रात करीब 3 बजे अक्षिता की मौत हो गई। घायल युवक का उपचार जारी है।
गरबा से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, अक्षिता और आयुष तालपुरी में रहते थे और गरबा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद स्कूटी से घर लौट रहे थे। वे फॉरेस्ट एवेन्यू मार्ग से गुजर रहे थे, तभी सेक्टर-5 स्थित सीमेंट प्लांट के पास कार क्रमांक CG 07 CH 2321 ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों स्कूटी सवार उछलकर दूर जा गिरे। उन्हें गंभीर चोटें आईं। इसके बाद राहगीरों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में युवती की मौत, युवक का इलाज जारी
हादसे के बाद अक्षिता की हालत गंभीर बताई गई। उन्हें सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान रात करीब 3 बजे उनकी मौत हो गई। वहीं, आयुष कुमार पचौरी का अस्पताल में इलाज जारी है।
भिलाई नगर पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है। फिलहाल, दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है।
