![]() |
| सीपत तहसील कार्यालय में पदस्थ महिला अतिरिक्त तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। |
बिलासपुर में महिला अतिरिक्त तहसीलदार से फोन पर गाली-गलौज और अभद्रता का मामला सामने आया है। सीपत तहसील कार्यालय में पदस्थ अतिरिक्त तहसीलदार प्रकृति ध्रुव की शिकायत पर पुलिस ने साहेब लाल रात्रे के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (CM Helpline) पर ऑनलाइन ऋण पुस्तिका बनवाने से संबंधित शिकायत के निराकरण के दौरान हुई कथित अभद्रता से जुड़ा है।
शिकायत के मुताबिक, 30 अक्टूबर की सुबह साहेब लाल रात्रे की ऑनलाइन ऋण पुस्तिका बनवाने से संबंधित शिकायत सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से तहसील कार्यालय पहुंची थी। शिकायत के निराकरण की प्रक्रिया के तहत अतिरिक्त तहसीलदार प्रकृति ध्रुव ने शिकायतकर्ता को फोन कर आवेदन से जुड़ी जानकारी लेनी शुरू की। इसी दौरान बातचीत में विवाद होने और गाली-गलौज किए जाने का आरोप लगाया गया है।
फोन काटने के बाद दोबारा किया कॉल
अतिरिक्त तहसीलदार प्रकृति ध्रुव के अनुसार, उन्होंने शिकायतकर्ता को बातचीत के दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी थी। इसके बावजूद कथित तौर पर गाली-गलौज जारी रहने पर उन्होंने फोन काट दिया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ देर बाद साहेब लाल रात्रे ने दोबारा फोन किया और फिर से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। घटना के समय कार्यालय में नायब तहसीलदार पूनम कनौजे भी मौजूद थीं। बताया गया है कि उन्होंने भी फोन पर हुई बातचीत सुनी थी।
तहसीलदार को दी जानकारी, पुलिस में शिकायत दर्ज
घटना के बाद अतिरिक्त तहसीलदार प्रकृति ध्रुव ने मामले की जानकारी तहसीलदार प्रकाश साहू को दी। इसके बाद वह सीपत थाने पहुंचीं और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के साथ फोन पर हुई दोनों बातचीत की रिकॉर्डिंग भी पुलिस को पेनड्राइव में उपलब्ध कराई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर साहेब लाल रात्रे के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
सीपत पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
