![]() |
| आरंग के महानदी तट पर शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर की मौत के मामले में पुलिस जांच जारी। |
शिवकुमार चंद्राकर डंगनिया, चंपारण के रहने वाले थे और कुम्हारी स्थित शासकीय स्कूल में शिक्षक के पद पर पदस्थ थे। बुधवार और गुरुवार की रात महानदी किनारे उनका शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली, जिसके बाद आरंग पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि शिवकुमार के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया हो सकता है। घटनास्थल के पास उनकी बाइक भी मिली है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच हत्या के एंगल से आगे बढ़ाई है।
फिलहाल घटना की वजह स्पष्ट नहीं हुई है और वारदात में इस्तेमाल हथियार की भी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मामले की जांच के लिए रायपुर से डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी देने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस जांच के आगे बढ़ने के साथ ही घटना की वजह और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
