![]() |
| आसोगा गांव में विवाद के बाद युवक की मौत के मामले में आरोपी गिरफ्तार |
हमले में कामता कोसरे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल पाटन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद रानीतराई पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, आसोगा गांव में कामता कोसरे और भूपेन्द्र टंडन के बीच किसी बात को लेकर पहले बहस हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई और इसी दौरान भूपेन्द्र ने सब्बल से कामता पर कई वार किए।
हमले के बाद कामता गंभीर हालत में पाटन अस्पताल पहुंचाए गए, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। मौत की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
रानीतराई पुलिस ने भूपेन्द्र टंडन की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया सब्बल भी बरामद कर जब्त किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और विवाद की वास्तविक वजह समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि असोगा गांव में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। विवाद के दौरान सब्बल से हमला किए जाने के बाद एक युवक की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि मामले में फिलहाल मर्ग कायम किया गया है।
एएसपी के अनुसार, आरोपी भूपेन्द्र टंडन को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस घटना की परिस्थितियों और विवाद के कारणों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
