दुर्ग में चोरों का तांडव! एक दिन में 7 वारदात, महिलाओं से पर्स और घरों से जेवर चोरी

दुर्ग जिले में चोरी और झपटमारी की घटनाओं के बाद पुलिस जांच में जुटी
दुर्ग जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी और झपटमारी की 7 घटनाएं सामने आईं।
दुर्ग जिले में चोरी और झपटमारी की घटनाओं ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। एक करोड़ रुपये की चोरी के मामले में 9 आरोपियों की गिरफ्तारी के अगले ही दिन जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी और झपटमारी की 7 घटनाएं सामने आईं। 1 नवंबर को खुर्सीपार, सुपेला, पद्मनाभपुर और उतई क्षेत्र में हुई इन वारदातों में महिलाओं के पर्स छीनने से लेकर बाइक और तांबे के तार की चोरी तक के मामले शामिल हैं।

खुर्सीपार में बाइक सवार बदमाशों ने दो महिलाओं को निशाना बनाया। वहीं, सुपेला क्षेत्र में एक सूने मकान का ताला तोड़कर जेवरात चोरी कर लिए गए। इसके अलावा तीन अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी होने और उतई क्षेत्र की क्रेशर खदान में लगे सबमर्सिबल पंप का तांबे का तार गायब होने की शिकायत भी सामने आई है। पुलिस ने सभी मामलों में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खुर्सीपार में चलती स्कूटी से महिला का पर्स छीना

खुर्सीपार थाना क्षेत्र में पहली घटना 1 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे हुई। सेक्टर-5 भिलाई निवासी 42 वर्षीय प्रतिभा मुखर्जी अपनी ईवी स्कूटी से ड्यूटी के लिए रायपुर जा रही थीं। इसी दौरान खुर्सीपार चौक के पास तुलसी ट्रेडर्स के सामने पीछे से आए बाइक सवार बदमाश ने उनकी स्कूटी के आगे लटका पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गया।

महिला के मुताबिक, पर्स में दो मोबाइल फोन, सोने की तीन चूड़ियां, चांदी की बिछिया, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड और 10 हजार रुपये नकद रखे थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।

ब्रिज पर दूसरी महिला का पर्स लेकर फरार हुए बदमाश

खुर्सीपार क्षेत्र में पर्स छीनने की दूसरी घटना 30 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:40 बजे डबरापारा खुर्सीपार ब्रिज पर हुई थी। ग्राम नंदौरी निवासी 30 वर्षीय विंध्या वर्मा स्कूटी से जिला अस्पताल दुर्ग जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार ने स्कूटी के पायदान पर लटका उनका पर्स झपट लिया।

वारदात के बाद आरोपी यू-टर्न लेकर भिलाई-3 की ओर भाग गया। पर्स में 5 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, स्कूटी की आरसी और उनकी मां के इलाज से जुड़े जरूरी दस्तावेज रखे थे।

दोनों घटनाओं में एक ही गिरोह की आशंका

खुर्सीपार में हुई दोनों झपटमारी की घटनाओं में एक ही आरोपियों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। दोनों मामलों में बाइक सवार बदमाशों ने अपने चेहरे ढक रखे थे और उनकी बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं थी।

पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

सुपेला में सूने मकान का ताला तोड़कर 75 हजार के जेवर चोरी

सुपेला थाना क्षेत्र के स्मृति नगर चौकी इलाके में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया। परिवार 29 अक्टूबर की सुबह घर में ताला लगाकर रिश्तेदार के कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम केसला गया था।

31 अक्टूबर की दोपहर जब परिवार वापस लौटा, तो मुख्य दरवाजे और कमरों के ताले टूटे हुए मिले। घर के अंदर अलमारी का लॉकर भी टूटा था। जांच करने पर सोने का मंगलसूत्र, झुमके, चांदी की अंगूठियां, पायल, बिछिया, बाजूबंद और चांदी के 17 सिक्के गायब मिले।

परिवार ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई है। इस मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सुपेला और पद्मनाभपुर से तीन बाइक चोरी

सुपेला थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के दो मामले सामने आए। एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हीरो पैशन प्लस बाइक एचडीएफसी बैंक की सुपेला शाखा के सामने से चोरी हो गई। बाइक की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।

दूसरी घटना नेहरू नगर वेस्ट स्थित विद्या विहार की है। यहां किराए के मकान के बाहर खड़ी हीरो एचएफ डीलक्स बाइक चोरी हो गई। इसकी कीमत भी करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।

वहीं, पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में चोपड़ा पैलेस के पास पेट्रोल पंप के सामने से एक युवक की बाइक चोरी हो गई। युवक वहां काम करने आया था। उसकी हीरो एचएफ डीलक्स बाइक की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

उतई की क्रेशर खदान से 200 मीटर तांबे का तार गायब

उतई थाना क्षेत्र के ग्राम धौराभाठा स्थित शिवगंगा पावर क्रेशर की खदान में लगे सबमर्सिबल पंप का करीब 200 मीटर तांबे का तार चोरी हो गया।
बताया गया है कि तार आखिरी बार 31 अक्टूबर की शाम को देखा गया था। अगले दिन सुबह जांच करने पर तार गायब मिला। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश जारी

दुर्ग जिले में सामने आए चोरी और झपटमारी के सभी मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। खुर्सीपार की दोनों घटनाओं में शामिल अज्ञात बाइक सवारों की तलाश की जा रही है।

पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चश्मदीदों से पूछताछ भी कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال