![]() |
| गनोद में मकान मालिक की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी किराएदार को गिरफ्तार किया। |
मृतक की पहचान वेद राम साहू, उम्र 45 वर्ष, के रूप में हुई है। वहीं आरोपी पुरुषोत्तम धीवर की उम्र 25 वर्ष बताई गई है। पुरुषोत्तम मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के धमनी गांव का रहने वाला है और गनोद में वेद राम साहू के मकान में किराए पर ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को शक था कि वेद राम साहू का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद और गाली-गलौज हो चुकी थी।
बताया गया है कि घटना के दौरान भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी पुरुषोत्तम ने वेद राम का गला दबा दिया। इसके बाद वेद राम की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। राखी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की वजह पत्नी से अवैध संबंध होने का शक सामने आया है। हालांकि, मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।
पुलिस ने आरोपी पुरुषोत्तम धीवर को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विवाद के दौरान मौके पर कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं। फिलहाल मामले में विवेचना जारी है।
