![]() |
| घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए सिलिंडर बुकिंग की अवधि 25 दिन की गई। |
नए LPG Booking Rule के तहत देशभर में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए दो रिफिल बुकिंग के बीच 25 दिनों का समान अंतर रखा गया है। यानी अब ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए अलग-अलग समय-सीमा लागू नहीं होगी।
इससे पहले शहरी क्षेत्रों में 25 दिन बाद दोबारा सिलिंडर बुक करने की अनुमति थी, जबकि ग्रामीण इलाकों के उपभोक्ताओं को दो सिलिंडरों के बीच 45 दिनों का अंतर रखना पड़ता था। नए फैसले के बाद दोनों क्षेत्रों के घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए यह अवधि समान हो गई है।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने नई व्यवस्था को लागू कराने के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के प्रमुखों को निर्देश भेजे हैं। मंत्रालय के निर्देश के मुताबिक नई व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाना है।
मंत्रालय के अनुसार, मध्य पूर्व में राजनीतिक और सैन्य तनाव के दौरान LPG की आपूर्ति प्रभावित हुई थी। इसी अवधि में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 45 दिनों का अंतर अस्थायी तौर पर लागू किया गया था।
उस समय इस व्यवस्था का उद्देश्य LPG की जमाखोरी और कालाबाजारी को नियंत्रित करना था। इसके साथ ही सरकार मांग और उपलब्ध आपूर्ति के बीच संतुलन बनाए रखना चाहती थी।
अब मंत्रालय के मुताबिक LPG की आपूर्ति व्यवस्था में सुधार हुआ है और पहले का बैकलॉग भी खत्म हो चुका है। इसके बाद ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के लिए समान 25 दिन की बुकिंग व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया गया है।
राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर विभाग की ओर से जारी पत्र भी साझा किया है। नए नियम से ग्रामीण क्षेत्रों के उन परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें पहले 45 दिनों की अनिवार्य अवधि के कारण अगली LPG रिफिल बुक करने के लिए अधिक समय इंतजार करना पड़ता था।
