![]() |
| रेलवे कॉपर केबल चोरी मामले में RPF ने 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया। |
बुढ़ार, सिंहपुर, छादा और शहडोल क्षेत्र में रेलवे कॉपर केबल चोरी की कई घटनाओं के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, बिलासपुर के निर्देश पर RPF बिलासपुर और अनूपपुर की संयुक्त टीम ने इन घटनाओं की जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी दिल्ली से अनूपपुर क्षेत्र में आते थे और किराए के मकानों में रहते थे। इसके बाद वे स्कूटर से रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाकों में घूमकर कॉपर केबल तथा दूसरी तांबे की रेलवे सामग्री की रेकी करते थे।
मौका मिलने पर आरोपी रेलवे की सामग्री चोरी कर लेते थे। पूछताछ में चोरी के सामान को दिल्ली के चांदनी चौक स्थित कबाड़ मंडी में बेचने की बात सामने आई। जांच के अनुसार गिरोह में चोरी करने वाले लोगों के अलावा चोरी का माल खरीदने वाले रिसीवर भी शामिल थे।
RPF ने प्रभावित रेलखंडों में निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ाई। मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को उमरिया में ट्रेन से भागने के समय पकड़ा गया। वहीं, एक आरोपी को गाजियाबाद स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों की निशानदेही पर बड़ी मात्रा में चोरी की गई कॉपर केबल और रेलवे की अन्य तांबे की सामग्री बरामद की गई। रेकी के लिए इस्तेमाल किए गए 4 स्कूटर भी जब्त किए गए हैं।
RPF की जांच अभी जारी है। जांच एजेंसी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के साथ चोरी की रेलवे सामग्री खरीदने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
