![]() |
| बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में गाड़ियों में आग लगाने के दो मामलों में आरोपी गिरफ्तार |
पहली घटना 10 सितंबर की रात करीब 12 बजे से 3 बजे के बीच सूर्या चौक चिंगराजपारा में हुई। द्वारका प्रसाद यादव के किराए के मकान में गौरी देवांगन की स्कूटी क्रमांक CG 10 BE 3159 खड़ी थी। आरोप है कि आरोपी ने स्कूटी पर पेट्रोल डालकर उसमें आग लगा दी।
आग लगने से स्कूटी और उसमें रखा दूसरा सामान पूरी तरह जलकर खराब हो गया। घटना के बाद गौरी देवांगन की शिकायत पर सरकंडा थाने में मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू की।
दूसरे मामले में बंधवापारा निवासी नफीस खान ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, महेश कुमार साहू उर्फ भोला साहू उर्फ गजनी उर्फ पेचकस ने शराब पीने के लिए उनसे पैसे मांगे थे। पैसे नहीं देने पर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद नफीस खान की हीरो स्प्लेंडर बाइक क्रमांक CG 10 EE 7267 चोरी कर ली गई। आरोप है कि बाद में बाइक को बंधवापारा भंडारी प्लांट रोड के पास ले जाकर जला दिया गया।
दोनों मामलों की जांच सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। जांच के दौरान मिली जानकारी और तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस ने महेश कुमार साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोनों घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
