![]() |
| दिवाली से पहले मिठाई दुकानों में खाद्य विभाग का जांच अभियान जारी। |
जांच के दौरान बालाजी प्रतिष्ठान में करीब 100 किलो पुराना कुंदा और जायका मिठाई में 15 किलो गुलाब जामुन नष्ट कराया गया। दोनों दुकानों में कुल 115 किलो मिठाई बिक्री से हटाकर नष्ट कराई गई। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई किसी शिकायत के आधार पर नहीं, बल्कि नियमित जांच अभियान के तहत की गई।
बालाजी में 100 किलो पुराना कुंदा नष्ट
खाद्य विभाग की टीम ने बालाजी स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट में जांच के दौरान कुंदा और कलाकंद दाना के सैंपल लिए। यहां करीब 100 किलो पुराना कुंदा नष्ट कराया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, कुंदा पुराना होने और उसके खराब होने की आशंका के चलते एहतियातन उसे बिक्री से हटवाया गया। वहीं, जायका मिठाई प्रतिष्ठान से भी मिठाइयों के सैंपल लिए गए। यहां 15 किलो गुलाब जामुन नष्ट कराया गया।
सैंपल रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मिठाइयों की गुणवत्ता
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
बालाजी स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट में जांच के दौरान साफ-सफाई की स्थिति ठीक मिली। इसके चलते प्रतिष्ठान को कोई नोटिस जारी नहीं किया गया।
सत्यम, जलाराम और तृप्ति में भी जांच अभियान
त्योहार के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने को देखते हुए खाद्य विभाग शहर के अलग-अलग प्रतिष्ठानों में लगातार जांच कर रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, सत्यम, जलाराम और तृप्ति जैसे प्रमुख मिठाई प्रतिष्ठानों में भी टीम पहुंचकर जांच कर रही है।
इस दौरान मिठाइयों की गुणवत्ता, उन्हें तैयार करने की प्रक्रिया, रखने के तरीके और दुकानों में साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया जा रहा है।
लगातार जांच से साफ-सफाई में सुधार
खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नियमित जांच और कार्रवाई के कारण मिठाई दुकानों में साफ-सफाई को लेकर सुधार देखने को मिल रहा है। पहले की तुलना में अब दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों की स्वच्छता पर अधिक ध्यान दे रहे हैं।
दिवाली के दौरान भी शहर में जांच अभियान चलाया गया था। उस समय करीब 50 सैंपल लिए गए थे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बुधवार को लिए गए सैंपल पहले की जांच से अलग हैं। विभाग की ओर से आगे भी विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों में जांच जारी रखी जाएगी।
मिठाई खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार नेले ने त्योहार के दौरान मिठाई खरीदते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बहुत अधिक रंग वाली और ज्यादा चांदी का वर्क लगी मिठाइयां खरीदने से बचना चाहिए।
यदि मिठाई से खराब गंध आ रही हो या वह देखने में खराब लग रही हो, तो उसे खरीदने से बचें। उन्होंने लोगों से ऐसी मिठाइयों की बिक्री की जानकारी खाद्य विभाग को देने की अपील भी की, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
