• विज्ञापन •
CG Janwani Advertisement

बेमेतरा में अवैध शराब का बड़ा खेल उजागर, घर से शुरू हुई जांच पहुंची बिलासपुर तक; 5 आरोपी गिरफ्तार

बेमेतरा में अवैध अंग्रेजी शराब सप्लाई मामले में पुलिस की कार्रवाई और जब्त शराब
बेमेतरा में अवैध अंग्रेजी शराब सप्लाई नेटवर्क के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का खुलासा किया है। साइबर सेल, नांदघाट और चंदनू पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 535 पौवा अंग्रेजी शराब के साथ ईको कार, स्कॉर्पियो, एक्टिवा और तीन मोबाइल जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, जब्त संपत्ति की कुल कीमत 10 लाख 69 हजार 200 रुपये है।

जांच में सामने आया कि जब्त शराब की बोतलों पर शासन का होलोग्राम नहीं था। कुछ बोतलों पर लगे रेपर भी कूटरचित पाए गए। आबकारी विभाग की जांच के बाद मामले में आबकारी एक्ट के साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

घर में शराब रखने की सूचना से शुरू हुई जांच

पुलिस के अनुसार, चंदनू थाना क्षेत्र के ग्राम उसलापुर में दिलीप बंजारे के घर अवैध अंग्रेजी शराब रखकर बेचने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और उसके कब्जे से 82 पौवा अंग्रेजी शराब जब्त की।

पूछताछ के दौरान दिलीप बंजारे ने बेमेतरा निवासी राजू साहू से शराब लाकर बिक्री करने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने राजू साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में शराब की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आए।

नांदघाट में 453 पौवा अंग्रेजी शराब बरामद

पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर को नांदघाट पुलिस ने ग्राम नयापारा करमसेन निवासी मोतीलाल साहू के घर छापेमारी की। यहां बिक्री के लिए रखी गई 453 पौवा अंग्रेजी शराब जब्त की गई।

पूछताछ में मोतीलाल साहू और डोमन उर्फ हर्ष निषाद के साथ मिलकर बिलासपुर के एक व्यक्ति से शराब खरीदने और उसकी सप्लाई करने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मामले में मोतीलाल साहू, डोमन उर्फ हर्ष निषाद और राजू साहू को आरोपी बनाया।

आगे की जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 2 नवंबर को बिलासपुर निवासी मनोज यादव को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से शराब की सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए।

पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दिलीप बंजारे (26), निवासी उसलापुर, थाना चंदनू; राजू साहू (26), निवासी टेहका, थाना भाठापारा ग्रामीण, जिला बलौदाबाजार, वर्तमान पता कबीर कुटी, बेमेतरा; मोतीलाल साहू (27), निवासी नयापारा करमसेन, थाना नांदघाट, बेमेतरा; डोमन निषाद उर्फ हर्ष (19), निवासी चन्द्रखुरी, थाना सरगांव, जिला मुंगेली; और मनोज यादव (32), निवासी वार्ड नंबर 9, गेट नंबर, साई विहार कॉलोनी, यदुनंदन नगर, थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर शामिल हैं।

पूछताछ में राजा भाठिया का नाम आया सामने

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मनोज यादव से पूछताछ में राजा भाठिया से संपर्क कर शराब प्राप्त करने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और सप्लाई नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

एसपी त्रिलोक बंसल ने बताया कि चंदनू और नांदघाट थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के दो प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जब्त शराब में शासन का होलोग्राम नहीं मिलने और कुछ बोतलों पर कूटरचित रेपर पाए जाने के बाद आबकारी विभाग से जांच कराई गई।

उन्होंने बताया कि मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बिलासपुर से शराब सप्लाई करने वाले मनोज यादव से पूछताछ के दौरान राजा भाठिया का नाम सामने आया है। शराब उसे कहां से मिलती थी, इसकी जांच जारी है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी कर रही है।

वाहनों और मोबाइल समेत 10.69 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने चंदनू थाना क्षेत्र से 82 पौवा और नांदघाट थाना क्षेत्र से 453 पौवा अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस तरह कुल 535 पौवा शराब जब्त की गई।

इसके अलावा शराब सप्लाई में इस्तेमाल ईको कार, स्कॉर्पियो, एक्टिवा और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, ईको कार की कीमत 6 लाख रुपये, स्कॉर्पियो की 2.50 लाख रुपये, एक्टिवा की 80 हजार रुपये और तीन मोबाइल की कीमत 75 हजार रुपये आंकी गई है।

जब्त संपत्ति की कुल कीमत 10 लाख 69 हजार 200 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई एसपी त्रिलोक बंसल के निर्देशन में की गई। इसमें नांदघाट थाना प्रभारी निरीक्षक लेखराम ठाकुर, चंदनू थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र मानिकपुरी और संबंधित पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post
• विज्ञापन •
CG Janwani Advertisement
• विज्ञापन •
CG Janwani Advertisement

نموذج الاتصال