![]() |
| छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। |
कोरबा के कुसमुंडा, उरगा और मोरगा क्षेत्रों में हुए हादसों में बाइक सवारों और स्कूटी सवारों की जान गई। कहीं बाइक और एक्टिवा की टक्कर के बाद पीछे से आए ट्रक ने लोगों को कुचल दिया, तो कहीं तेज रफ्तार ट्रेलर और भारी वाहन की चपेट में आने से लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में जांच शुरू कर दी है।
कोरबा में तीन सड़क हादसे, 5 लोगों की मौत
कुसमुंडा में बाइक और एक्टिवा की टक्कर, दो की मौत
कोरबा के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में बाइक और एक्टिवा के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन सवार सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहा ट्रक उन्हें कुचलते हुए निकल गया।
हादसे में बाइक सवार युवक ट्रक के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, एक्टिवा सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। अधिक खून बहने के कारण उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने डायल-112 और एंबुलेंस को सूचना दी। कुसमुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस के मुताबिक, दोनों मृतक स्थानीय क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि, उनकी पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग औद्योगिक क्षेत्र में आता है। यहां भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उरगा चौक पर ट्रेलर की चपेट में आने से कृति नायडू की मौत
कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र में उरगा चौक के पास सड़क हादसे में 65 वर्षीय कृति नायडू की मौत हो गई। वह मंगलवार को ATM और निजी काम से चौक आए थे। काम पूरा करने के बाद स्कूटी से अपने गांव सेमीपाली लौट रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कृति नायडू सड़क पर गिर गए और ट्रेलर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रेलर चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर लिया है।
CSP प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर दुर्घटना की जांच कर रही है। ट्रेलर चालक से पूछताछ जारी है।
मोरगा में भारी वाहन की टक्कर, दो युवकों की मौत
कोरबा जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र में मोरगा बस स्टैंड के पास सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान बुधवार सिंह बिंझवार (26) और मोहन धनवार (20), निवासी पोटोपाल, के रूप में हुई है। दोनों किसी काम से बस स्टैंड आए थे।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 11 बजे घर लौटते समय तेज रफ्तार भारी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल भारी वाहन को जब्त कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
बलरामपुर में बाइक दुर्घटना, भाजपा नेता देवधारी सिंह की मौत
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सनावल थाना क्षेत्र में बाइक दुर्घटना में भाजपा नेता देवधारी सिंह (35) की मौत हो गई। वह ग्राम कुंडपान के सरपंच पति थे।
जानकारी के मुताबिक, देवधारी सिंह रात करीब 2 बजे रामानुजगंज से अपने गांव कुंडपान लौट रहे थे। गांव में लाल बिहारी गुरुजी के घर के पास मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पिलर से टकरा गई।
हादसे में उनके सिर और जांघ में चोटें आईं। स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए डिंडो अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाड्रफनगर रेफर कर दिया।
हालांकि, वाड्रफनगर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
भाजपा नेताओं ने जताया दुख
देवधारी सिंह के निधन की खबर से ग्राम कुंडपान और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। भाजपा नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर दुख जताया और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
