![]() |
| चंदनडीह स्थित यूनियन बैंक शाखा में सेंधमारी की कोशिश के बाद क्षतिग्रस्त प्रवेश द्वार |
घटना का पता 6 अक्टूबर की सुबह उस समय चला, जब कर्मचारी दानिश खान बैंक खोलने पहुंचे। उन्होंने शाखा प्रबंधक के केबिन के प्रवेश द्वार पर लगे ताले टूटे हुए और शटर क्षतिग्रस्त हालत में देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल शाखा प्रबंधक गणेश मिश्रा को घटना की जानकारी दी।
बैंक प्रबंधक के मुताबिक, 5 अक्टूबर को रोजाना का काम पूरा करने के बाद शाम करीब 7 बजे शाखा बंद की गई थी। अगले दिन सुबह करीब 9.30 बजे कर्मचारी के पहुंचने पर बैंक में नुकसान की स्थिति सामने आई।
निरीक्षण के दौरान शाखा प्रबंधक के केबिन, चेकबुक ड्रॉप बॉक्स और टेबल की दराज को नुकसान पहुंचा हुआ मिला। बैंक में लगे कंप्यूटर स्क्रीन और मॉनिटर को भी क्षतिग्रस्त किया गया था।
घटना में कैश वॉल्ट यानी स्ट्रांग रूम के लॉक को भी तोड़ने की कोशिश की गई। बैंक प्रबंधन के अनुसार, शाखा में रखी नकदी, दस्तावेज, अभिलेख और अन्य संपत्तियों का विस्तृत आकलन अभी किया जाना बाकी है।
मौके के निरीक्षण के दौरान बैंक की एक खिड़की का कांच भी टूटा मिला। इससे बैंक प्रबंधन ने आशंका जताई है कि अज्ञात व्यक्ति ने ताला तोड़ने के बाद खिड़की का कांच तोड़कर बैंक के अंदर प्रवेश करने की कोशिश की।
मामले में बैंक शाखा प्रबंधक गणेश मिश्रा ने आमानाका थाने में शिकायत दी है। उन्होंने अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर जांच करने और आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार, घटना में बैंक के ताले, शटर, खिड़की, फर्नीचर, कंप्यूटर मॉनिटर और स्ट्रांग रूम के लॉक को नुकसान पहुंचा है। बैंक में मौजूद नकदी और अन्य संपत्तियों के नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाना बाकी है।
