![]() |
| बीरगांव में नकली सोने के जेवर गिरवी रखकर 3.90 लाख रुपए लेने की शिकायत सामने आई है। |
मामले में शैलेन्द्र नगर निवासी वैभव सोनी ने उरला थाने में शिकायत की है। बीरगांव मेन रोड पर वैभव ज्वेलर्स नाम से दुकान चलाने वाले वैभव सोनी की शिकायत के आधार पर पुलिस मनीष देवांगन, दामिनी और राजेश अग्रवाल की तलाश कर रही है।
शिकायत के अनुसार 16 अगस्त को मनीष देवांगन वैभव ज्वेलर्स पहुंचा था। उसने 4.080 ग्राम वजन की एक जेंट्स रिंग गिरवी रखी और इसके बदले 40 हजार रुपए लिए।
इसके अगले दिन 17 अगस्त को मनीष ने 19.860 ग्राम वजन के चार कंगन गिरवी रखे। इन जेवरों के बदले उसे 1.90 लाख रुपए दिए गए।
इसके बाद 1 सितंबर को दामिनी और राजेश अग्रवाल दुकान पहुंचे। शिकायत के मुताबिक दामिनी ने 17.820 ग्राम वजन के दो कंगन गिरवी रखे और इसके बदले 1.60 लाख रुपए लिए।
इस तरह तीनों के जरिए अलग-अलग तारीखों में गिरवी रखे गए जेवरों के बदले कुल 3.90 लाख रुपए लिए गए।
मामले का पता 5 अक्टूबर को सराफा कारोबारियों के वाट्सऐप ग्रुप में आए एक मैसेज के बाद चला। कारोबारी के मुताबिक ग्रुप में कुछ लोगों के नकली सोने के जेवर गिरवी रखने के लिए घूमने की जानकारी साझा की गई थी।
इसके बाद वैभव सोनी को अपने यहां गिरवी रखे जेवरों पर संदेह हुआ। उन्होंने मनीष की रिंग और चार कंगन के साथ दामिनी के दो कंगन को रायपुर सदर बाजार स्थित विजय टंच में जांच के लिए भेजा।
जांच में सभी जेवर नकली पाए गए। इसके बाद कारोबारी ने उरला थाने में मनीष देवांगन, दामिनी और राजेश अग्रवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
