रायपुर में 1400 लीटर डीजल का खेल पकड़ा गया, 7 ड्रमों के साथ ड्राइवर गिरफ्तार

रायपुर के खमतराई में डीजल जब्ती मामले में पुलिस कार्रवाई
खमतराई पुलिस ने टाटा इंट्रा वाहन से करीब 1,400 लीटर डीजल जब्त किया।
रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी मात्रा में डीजल के परिवहन से जुड़े मामले में कार्रवाई की है। पुलिस ने एक टाटा इंट्रा वाहन से 7 ड्रमों में रखा करीब 1,400 लीटर डीजल जब्त किया है। मामले में वाहन चालक विजेन्द्र सिंह यादव को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, खमतराई पुलिस की टीम इलाके में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भनपुरी की ओर से खमतराई की तरफ एक मेटाडोर वाहन में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ डीजल लाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए वाहन की तलाश शुरू की। घेराबंदी के दौरान टाटा इंट्रा वाहन क्रमांक CG04UN/7617 को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान वाहन के पीछे 7 बड़े लोहे के ड्रम रखे मिले। पुलिस के अनुसार, प्रत्येक ड्रम में करीब 200 लीटर डीजल भरा हुआ था। इस तरह वाहन से कुल करीब 1,400 लीटर डीजल बरामद किया गया।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम विजेन्द्र सिंह यादव, उम्र 50 वर्ष, बताया। पुलिस के अनुसार, वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में भेमता में रह रहा है।

पुलिस ने डीजल के परिवहन और कब्जे से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने डीजल से भरे सभी 7 ड्रम और टाटा इंट्रा वाहन को जब्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार, जब्त डीजल और वाहन समेत कुल मशरूका करीब 6.40 लाख रुपये का है। मामले में चालक को गिरफ्तार किया गया है और उससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال