![]() |
| बिलासपुर में लापता दोनों नाबालिग बहनों को सकरी पुलिस ने 12 घंटे के भीतर तलाश कर परिजनों के सुपुर्द किया। |
बिलासपुर में लापता दो नाबालिग बहनें 12 घंटे के भीतर सुरक्षित मिल गईं। घर से बिना बताए निकलीं दोनों बच्चियों को सकरी पुलिस ने मंगला स्थित एक पार्क से तलाश किया। बच्चियों के अचानक गायब होने से परिवार परेशान था और उन्हें अपहरण या किसी अनहोनी का डर सता रहा था। दोनों के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
मामला गुरुवार का है, जब बच्चियों के परिजनों ने सकरी थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजनों के मुताबिक, दोनों बेटियां घर से बिना बताए निकली थीं और शाम से रात तक वापस नहीं लौटीं। काफी देर तक उनका पता नहीं चलने पर परिवार की चिंता बढ़ गई और किसी अप्रिय घटना की आशंका होने लगी।
सकरी पुलिस ने टीम बनाकर शुरू की तलाश
शिकायत मिलने के बाद सकरी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज किया। थाना प्रभारी संजय शिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने परिजनों के सहयोग से खोजबीन जारी रखी। इसी दौरान दोनों बच्चियां बिलासपुर के मंगला स्थित एक पार्क में मिल गईं। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बरामद करने के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
घूमने के दौरान रास्ता भटक गई थीं दोनों बहनें
पूछताछ के दौरान बच्चियों ने बताया कि वे घूमने निकली थीं, लेकिन इस दौरान रास्ता भटक गईं। इसी वजह से वे घर वापस नहीं पहुंच पाईं। उनके मिलने के बाद परिवार की चिंता दूर हुई।
दोनों बच्चियों के सुरक्षित घर लौटने पर उनकी मां समेत अन्य परिजन भावुक हो गए। परिवार की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े और उन्होंने बच्चियों को सुरक्षित तलाशने के लिए सकरी पुलिस का आभार जताया।
