![]() |
| बिलासपुर के पुराने बस स्टैंड में अतिक्रमण हटाने के दौरान मूर्ति विक्रेताओं और नगर निगम की टीम के बीच विवाद हुआ। |
विवाद के कुछ देर बाद स्थिति शांत हुई और दुकानदारों ने अपनी मूर्तियां खुद ही वहां से हटा लीं। नगर निगम की टीम ने इसी अभियान के दौरान सड़क पर दुकान लगाने, दुकानों के बाहर सामान फैलाने और लोगों की आवाजाही में बाधा डालने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में करीब एक ट्रॉली सामान जब्त किया गया।
नगर निगम की टीम रविवार को सड़क और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने के लिए निकली थी। अभियान के तहत टीम गोल बाजार, सदर बाजार, जूना बिलासपुर, गांधी चौक और शिव टॉकीज चौक से होते हुए पुराने बस स्टैंड पहुंची।
यहां राजीव प्लाजा के सामने गार्डन की दीवार पर मूर्तियां रखकर दुकान संचालित की जा रही थी। निगम की टीम ने जब मूर्तियां जब्त करने की कोशिश की, तो विक्रेताओं ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। बाद में विक्रेताओं ने मूर्तियां खुद हटा लीं, जिसके बाद मामला शांत हो गया।
राजीव प्लाजा के सामने स्थित खाली जमीन को नगर निगम ने पहले अतिक्रमण से मुक्त कराया था। इसके बाद वहां पेड़-पौधे लगाकर गार्डन तैयार किया गया। इस जगह पर शहर की जानी-मानी हस्तियों की याद में शिलालेख भी लगाए गए हैं।
अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान निगम की टीम ने उन दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की, जिन्होंने सड़क पर दुकानें लगाई थीं या दुकानों के बाहर सामान फैलाकर लोगों की आवाजाही में बाधा पैदा की थी। पूरी कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब एक ट्रॉली सामान जब्त किया।
