![]() |
| भिलाई के रूआबांधा स्थित छत्तीसगढ़ सब्जी मंडी के पास मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। |
पुलिस के मुताबिक, इस प्रकरण में चौथे आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है। विवाद की शुरुआत उस समय हुई, जब मुस्तफा रजा कार को पीछे कर रहा था और उसकी कार मोटरसाइकिल से टकरा गई। इस दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवक गिर गए थे।
कार और बाइक की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, दीपक कुमार साहू ने भिलाई नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे सुदीप कुमार साहू और उत्सव साहू सेक्टर-9 स्थित हनुमान मंदिर जाने के लिए निकले थे। रास्ते में नारियल खरीदने के लिए दोनों रूआबांधा की छत्तीसगढ़ सब्जी मंडी के पास रुके थे।
इसी दौरान मुस्तफा रजा अपनी कार पीछे कर रहा था। कार की मोटरसाइकिल से टक्कर होने के बाद दोनों युवक गिर गए। इसके बाद वाहन की टक्कर को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जिसने कुछ ही देर में गंभीर रूप ले लिया।
मारपीट और धारदार हथियार दिखाकर धमकाने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, मुस्तफा रजा और उसके साथियों ने दोनों युवकों के साथ गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों तथा डंडे से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान मुर्गी काटने में इस्तेमाल होने वाला धारदार हथियार दिखाकर दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना की शिकायत मिलने के बाद भिलाई नगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और तलाश के बाद मामले में गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
