![]() |
| भिलाई में हाईटेंशन तार टूटकर ट्रेलर पर गिरने से 34 वर्षीय मजदूर किशन महतो की मौत हो गई। |
मृतक किशन महतो खुर्सीपार के गौतम नगर वार्ड-42 का निवासी था। वह पिछले 6 से 7 साल से कंपनी में काम कर रहा था। घटना के बाद शनिवार सुबह परिजनों ने कंपनी परिसर के बाहर पहुंचकर हंगामा किया और हादसे को लेकर अपनी नाराजगी जताई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद किशन करीब 20 मिनट तक तड़पता रहा और उसे समय पर इलाज व जरूरी सुविधाएं नहीं मिल सकीं। उन्होंने यह भी कहा कि काम के दौरान उसके पास सुरक्षा के आवश्यक उपकरण मौजूद नहीं थे।
परिजनों के हंगामे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
मामले की सूचना मिलने पर जामुल पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी की मौजूदगी में कंपनी प्रबंधन और मृतक के परिजनों के बीच बातचीत हुई। इस दौरान मुआवजे और परिवार की आर्थिक सहायता को लेकर चर्चा की गई।
बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। कंपनी प्रबंधन ने मृतक के पिता, पत्नी और बच्चों को 25 लाख रुपए मुआवजा देने की बात स्वीकार की। इसके अलावा किशन की पत्नी सुमन महतो को बच्चों के पालन-पोषण और पढ़ाई के लिए हर महीने 15 हजार रुपए देने पर भी सहमति बनी।
समझौते के बाद परिजन कंपनी परिसर से लौट गए।
कंपनी मैनेजर ने हादसे पर जताया दुख
कंपनी के मैनेजर जय कुमार जैन ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि हादसे से पूरा प्रबंधन दुखी है। उन्होंने बताया कि परिजनों के साथ आपसी सहमति से 25 लाख रुपए मुआवजे और मृतक की पत्नी को हर महीने 15 हजार रुपए देने का निर्णय लिया गया है।
जैन ने बताया कि कंपनी में मजदूरों को सुरक्षा के लिए हेलमेट और जूते उपलब्ध कराए जाते हैं। उनके मुताबिक, हादसे के समय ट्रेलर पर सामान लोड किया जा रहा था। हाईटेंशन तार टूटने की आवाज सुनकर कर्मचारी बाहर आए।
इसके बाद ट्रेलर को बाहर निकालकर किशन को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। मैनेजर के अनुसार, किशन पिछले 6 से 7 वर्षों से कंपनी में कार्यरत था। कंपनी परिसर में लोहे के सामान बनाने का काम किया जाता है।
हादसे की वजह और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर मैनेजर ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।
