![]() |
| केराकछार गांव में मंगलो बाई की मौत के मामले की पुलिस जांच जारी है। |
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंगलो बाई खाना खाते समय मोबाइल पर रील देख रही थीं। इसी दौरान अचानक मोबाइल का नेटवर्क चला गया। नेटवर्क जाने से वह नाराज हो गईं और उन्होंने मोबाइल को पटककर तोड़ दिया।
इसके बाद आवेश में आकर मंगलो बाई ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। कीटनाशक सेवन की जानकारी मिलते ही परिजन घबरा गए और उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई।
परिजनों के मुताबिक, गांव में चली आ रही एक पुरानी मान्यता के चलते उन्होंने मंगलो बाई को उल्टी कराने के लिए गोबर-पानी पिलाया। मृतका के पति प्रेमलाल ने बताया कि गांव में प्रचलित पुरानी कहावत के आधार पर उन्होंने ऐसा किया था।
हालांकि, महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ और वह लगातार गंभीर होती गईं। इसके बाद परिजन उन्हें संजीवनी के माध्यम से मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान मंगलो बाई की मौत हो गई।
मामले में अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई दर्ज की है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, प्रारंभिक बयान में मोबाइल नेटवर्क चले जाने से नाराज होकर महिला द्वारा कीटनाशक का सेवन करने की बात सामने आई है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार, घटना के कारणों और परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है।
