![]() |
| भिलाई में संजय रूंगटा ग्रुप ऑफ़ इंस्टीटूशन्स में छात्रों के साथ संवाद करती महाकाव्य श्री रामायण कथा की स्टारकास्ट। |
'महाकाव्य श्री रामायण कथा' 25 सितंबर को हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में एक साथ सिनेमाघरों में रिलीज होगी। निर्माताओं के मुताबिक फिल्म की शूटिंग भिलाई, दुर्ग, रायपुर, बस्तर, जगदलपुर और चित्रकूट सहित छत्तीसगढ़ के अलग-अलग स्थानों पर की गई है।
सीता की भूमिका निभा रहीं अंजलि अरोरा ने संवाद कार्यक्रम में कहा कि सीता को केवल त्याग के प्रतीक के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि वे शक्ति, धैर्य और संघर्ष का भी प्रतीक हैं। उन्होंने अपने इंजीनियरिंग के छात्र जीवन का जिक्र करते हुए सफलता के लिए धैर्य को महत्वपूर्ण बताया।
सोशल मीडिया ट्रॉल्लिंग से जुड़े सवाल पर अंजलि अरोरा ने कहा कि आलोचना हर क्षेत्र का हिस्सा है। उन्होंने यह भी बताया कि उनका सपना अभिनय के जरिए ऐसा मुकाम हासिल करना है, जहां बड़े फिल्म निर्माता उन्हें अपनी फिल्मों के लिए साइन करें।
भगवान राम की भूमिका निभा रहे देव शर्मा ने छत्तीसगढ़ में इस किरदार को निभाने के अनुभव को खास बताया। पंजाब में जन्मे और दिल्ली-मुंबई में पले-बढ़े देव शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भूमि पर राम की भूमिका निभाना उनके लिए विशेष अनुभव रहा।
देव शर्मा ने युवाओं से बातचीत के दौरान कहा कि उन्होंने फिल्म को केवल साइन नहीं किया, बल्कि उन्हें लगता है कि प्रभु राम ने स्वयं उन्हें इस भूमिका के लिए चुना है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के भीतर राम और रावण दोनों तरह की प्रवृत्तियां होती हैं और यह व्यक्ति पर निर्भर करता है कि वह किसे चुनता है।
लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे शील वर्मा ने भी छात्रों के साथ अपने सफर को साझा किया। उन्होंने बताया कि दुर्ग में पढ़ाई के दौरान इंजीनियरिंग के तीसरे सेमेस्टर में उनके भीतर अभिनय को लेकर रुचि और जुनून जागा। इसके बाद उन्होंने मेहनत की और मुंबई तक का सफर तय किया।
शील वर्मा इससे पहले कई धारावाहिकों और छत्तीसगढ़ी फिल्मों में काम कर चुके हैं। फिल्म में छत्तीसगढ़ से जुड़े कलाकारों को भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में जगह मिली है।
फिल्म का निर्देशन अभिषेक सिंह ने किया है। इसके निर्माता प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला हैं। फिल्म में रजनीश दुगल रावण, निर्भय वाधवान हनुमान और नीरज उइके विभीषण की भूमिका में नजर आएंगे।
फिल्म में छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकार रजनीश झांझी, ललित उपाध्याय, धर्मेंद्र चौबे और नकुल मालवार भी अहम भूमिकाओं में हैं। इस तरह फिल्म की स्टारकास्ट में स्थानीय कलाकारों के साथ अन्य कलाकार भी शामिल हैं।
पत्रकार वार्ता और संवाद कार्यक्रम के दौरान संजय रूंगटा ग्रुप ऑफ़ इंस्टीटूशन्स के चेयरमैन संजय रूंगटा और डायरेक्टर डॉ. साकेत रूंगटा भी मौजूद रहे।

