राजनांदगांव में पशु तस्करी पर एक्शन, नाकाबंदी देख भागा वाहन; डिवाइडर से टकराया, 18 भैंसें बरामद

राजनांदगांव में पशु तस्करी कार्रवाई के दौरान बरामद 18 भैंसें
राजनांदगांव के सोमनी थाना क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 18 भैंसें बरामद की गईं।
राजनांदगांव में पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 18 भैंसों को बरामद किया है। मवेशियों को भिलाई से महाराष्ट्र के भंडारा ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि उसका साथी फरार है।

मामला सोमनी थाना क्षेत्र का है। पुलिस को 6 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दुर्ग की ओर से टाटा आयसर वाहन क्रमांक CG-15-DZ-4514 में मवेशियों को भरकर राजनांदगांव की तरफ ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी एमन साहू की टीम ने ठाकुरटोला टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी की। पुलिस के मुताबिक, नाकाबंदी देखकर वाहन चालक ने गाड़ी तेज रफ्तार में दुर्ग की ओर भगाने की कोशिश की।

पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया। ग्राम टेडेसरा में अपना ढाबा के पास वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर चालक को मौके पर पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संगीत मधुकर उर्फ टेटे, उम्र 30 वर्ष, निवासी पथर्रा, भिलाई-3, दुर्ग बताया। पुलिस के अनुसार, उसने बताया कि वह अपने साथी राजू पारधी के साथ 18 भैंसों को महाराष्ट्र के भंडारा ले जा रहा था।

पुलिस ने मौके से 18 भैंसें बरामद कीं। इनकी कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई गई है। इसके साथ करीब 7 लाख रुपये कीमत का टाटा आयसर वाहन भी जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक, जब्त मवेशियों और वाहन की कुल कीमत करीब 8.80 लाख रुपये है।

इस मामले में संगीत मधुकर के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल दूसरा आरोपी राजू पारधी फरार है और उसकी तलाश जारी है। सोमनी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि पशु तस्करी या किसी अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर नजदीकी थाने को सूचना दें।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال