मंदिर हसौद में पुलिस का बड़ा एक्शन, चाकू लहराने वाला समेत 5 गिरफ्तार

मंदिर हसौद पुलिस कार्रवाई के दौरान जब्त चाकू और देशी शराब
मंदिर हसौद इलाके में पुलिस की कार्रवाई के दौरान चाकू और देशी शराब जब्त की गई।
रायपुर के मंदिर हसौद इलाके में पुलिस ने अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक युवक पर सार्वजनिक जगह पर चाकू लहराकर लोगों को डराने का आरोप है, जबकि चार अन्य को अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से देशी शराब बेचते पकड़ा गया।

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान एक धारदार चाकू, 116 पौवा देशी शराब और शराब बिक्री से जुड़ी रकम समेत कुल ₹17,260 की सामग्री जब्त की गई। इसके अलावा 6 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

चाकू लहराकर लोगों को डराने का मामला 31 अगस्त का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि मुनगी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलने के बाद मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।

आरोपी की पहचान मुनगी निवासी आदित्य निषाद, उम्र 19 वर्ष, के रूप में हुई। उसके पास से स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 411/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में केस दर्ज किया है।

पुलिस ने 31 अगस्त और 1 सितंबर को इलाके में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ भी अलग-अलग कार्रवाई की। नकटा मोड़ पर मिथलेश वर्मा, उम्र 29 वर्ष, को 48 पौवा देशी शराब के साथ पकड़ा गया। जब्त शराब की कीमत ₹4,800 बताई गई है।

चंदखुरी फार्म बाजार रोड पर प्रहलाद वर्मा, उम्र 23 वर्ष, से 33 पौवा देशी शराब और ₹910 की बिक्री रकम जब्त की गई। इस मामले में कुल जब्ती ₹4,210 की बताई गई है।

ग्राम चीचा की पानी टंकी के पास उमेश्वर अनंत, उम्र 36 वर्ष, को ठेले से शराब बेचते पकड़ा गया। उसके पास से 35 पौवा देशी शराब मिली, जिसकी कीमत ₹3,500 बताई गई है।

चीचा पुराने तालाब के पास बरगद के पेड़ के नीचे जितेन्द्र डहरिया, उम्र 35 वर्ष, के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। उसके पास से 40 पौवा देशी शराब और बिक्री की नगदी समेत कुल ₹4,750 की सामग्री जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, चारों शराब बिक्री के मामलों में आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत कार्रवाई की गई है।

अपराधिक गतिविधियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की। इनके खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170/126 और 135 (3) के तहत कार्रवाई की गई। सभी को तहसील न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजे जाने की जानकारी दी गई है।

पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, लोगों को डराने और अवैध शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال