![]() |
| धर्मजीत सिंह के नाम और फोटो के इस्तेमाल से बनाई गई फर्जी Facebook ID को लेकर शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। |
बिलासपुर में तखतपुर विधानसभा से बीजेपी विधायक धर्मजीत सिंह के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी Facebook ID बनाए जाने का मामला सामने आया है। इस अकाउंट के जरिए लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई और बाद में अलग-अलग बहानों से पैसों की मांग की जा रही थी। मामला सामने आने के बाद विधायक की ओर से बिलासपुर पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, साइबर ठगों ने धर्मजीत सिंह की पहचान का इस्तेमाल करते हुए Facebook पर एक फर्जी प्रोफाइल तैयार की। इस प्रोफाइल से कई लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई और संपर्क करने के बाद उनसे पैसे मांगे गए।
लोगों को जब इस गतिविधि पर शक हुआ तो इसकी जानकारी विधायक तक पहुंची। इसके बाद धर्मजीत सिंह ने अपने आधिकारिक Facebook अकाउंट के जरिए लोगों को इस फर्जी प्रोफाइल को लेकर सतर्क किया।
![]() |
| धर्मजीत सिंह के नाम और फोटो के इस्तेमाल से बनाई गई फर्जी Facebook ID को लेकर शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। |
शिकायत मिलने के बाद बिलासपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से फर्जी Facebook ID को ब्लॉक कराने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस फर्जीवाड़े में शामिल साइबर ठगों और अन्य लोगों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस और विधायक की ओर से लोगों को सलाह दी गई है कि विधायक या किसी अन्य जनप्रतिनिधि के नाम से पैसे मांगने वाला कोई मैसेज, कॉल या स्क्रीनशॉट मिलने पर भुगतान न करें। ऐसे संदेशों और स्क्रीनशॉट को सुरक्षित रखने और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना देने की अपील की गई है।

