![]() |
| दुर्ग में नौकरी लगाने के नाम पर रुपए लेने के मामले में पुलिस ने आरोपी शमीम खान को गिरफ्तार किया। |
मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है। पुरैना निवासी डी. सत्य साईं ने 17 नवंबर 2018 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, शमीम खान ने संभाग आयुक्त कार्यालय दुर्ग में चपरासी के पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शिकायतकर्ता डी. सत्य साईं और उसके परिचित सीएच बैकुंठ राव से नौकरी लगाने के नाम पर कुल 5 लाख रुपए लिए थे। रकम देने के बाद दोनों की नौकरी नहीं लगी और रुपए भी वापस नहीं किए गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने पुलिस को लेन-देन से संबंधित दस्तावेज, बैंक का विवरण, लेन-देन का वीडियो और कर्ज से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराए। पुलिस ने इन सामग्रियों की जांच की और आरोपी से पूछताछ की।
पूछताछ में शमीम खान ने दोनों लोगों से नौकरी लगाने के नाम पर रुपए लेना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने 13 सितंबर को दोपहर 1:40 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से यूनियन बैंक का बैंक विवरण, लेन-देन का वीडियो रखने वाली पेन ड्राइव और कर्ज से जुड़े तीन दस्तावेज जब्त किए हैं। इन सामग्रियों को मामले की जांच से संबंधित साक्ष्य के तौर पर लिया गया है।
शमीम खान गुरुघासीदास वार्ड क्रमांक 44, कसारीडीह, दुर्ग का निवासी बताया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
