![]() |
| छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय रहने के बीच कई जिलों में बारिश की संभावना। |
मौसम विभाग के अनुसार बलरामपुर, सरगुजा, मनेंद्रगढ़, सूरजपुर, रायपुर, बिलासपुर, धमतरी, जांजगीर, दुर्ग, कोरबा और महासमुंद में तेज बारिश की संभावना है। इन जिलों में मौसम में बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
रायपुर में 4 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा संभाग के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पोंडी बचरा में सबसे अधिक 14 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम की स्थिति में बदलाव देखने को मिल रहा है।
रायपुर और बस्तर संभाग में भी आज बादल छाए रहने की संभावना है। कई इलाकों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन संभागों में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बस्तर संभाग में पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बनी हुई है। वहीं, कई नदी और नालों का जलस्तर भी बढ़ गया है।
बस्तर संभाग के सभी सात जिलों में आज बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। बस्तर, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, नारायणपुर और कांकेर में मानसून सक्रिय रहने के कारण कहीं मध्यम तो कहीं तेज बारिश होने की संभावना है।
कुछ इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे मौसम में लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
