![]() |
| मस्तूरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने 13 किलो गांजा बरामद कर चार लोगों को गिरफ्तार किया। |
ACCU प्रभारी सुदीप सरकार के मुताबिक, रविवार को सूचना मिली थी कि जयरामनगर रेलवे फाटक के पास ओवरब्रिज के नीचे तीन युवक और एक महिला गांजा लेकर खड़े हैं। बताया गया कि वे सीपत जाने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रहे थे।
सूचना के आधार पर ACCU की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर चारों संदिग्धों को पकड़ लिया। उनके पास पिट्ठू बैग और अन्य थैले थे। तलाशी के दौरान इनमें से 13 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने गांजा जब्त कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीपत के मटियारी निवासी आकाश सिसोदिया (21), उसकी पत्नी पूर्वा मालिया (20), मटियारी निवासी कृष्णा पांडेय (23) और मध्यप्रदेश के उमरिया निवासी नीरज नायक (19) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के बलांगीर जिले से गांजा सस्ते दाम पर खरीदकर लाए थे। इसे मटियारी, सीपत और आसपास के इलाकों में अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी थी।
पुलिस को आशंका है कि आरोपी गांजा ट्रेन के जरिए ओडिशा से बिलासपुर लेकर आए थे। हालांकि, गांजा किससे खरीदा गया था और सप्लाई नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच अभी जारी है।
पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा किस व्यक्ति से खरीदा गया था, बिलासपुर में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी और क्या इस नेटवर्क में कोई बड़ा सप्लायर शामिल है।
इसके साथ ही पुलिस गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रधान आरक्षक प्रमोद सिंह, आरक्षक मुकेश शर्मा, प्रेम सूर्यवंशी, रवि यादव, रमेश यादव और धीरेन्द्र तोमर शामिल रहे।
