![]() |
| भिलाई स्टील प्लांट में हादसे में ठेका मजदूर ललित कुमार साहू की मौत |
बताया जा रहा है कि हादसा बीएसपी की कोक ओवन बैटरी में हुआ। ललित लोडिंग गाड़ी चला रहा था और इसी दौरान वह गाड़ी के अंदर केबिन में दब गया। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच फिलहाल जारी है।
घटना के बाद ललित को तत्काल मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को सेक्टर-9 अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही बीएसपी के उच्चाधिकारी घटनास्थल पहुंचे। घटना के कारणों और उस समय ललित किस काम में लगा हुआ था, इसे लेकर अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि ललित प्लांट में काम करने के लिए मरौदा गेट से आना-जाना करता था। हादसे के बाद पुलिस और बीएसपी प्रबंधन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
घटना ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और ठेका श्रमिकों की सुरक्षा से जुड़े सवाल भी सामने ला दिए हैं। हालांकि, हादसे की विस्तृत वजह और मौत के कारणों का आधिकारिक खुलासा अभी बाकी है।
