![]() |
| कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक किनारे अज्ञात व्यक्ति का शव मिला, पुलिस पहचान और मामले की जांच में जुटी है। |
पुलिस प्रथम दृष्टया इस मामले को ट्रेन से गिरने या ट्रेन की चपेट में आने की आशंका से जोड़कर देख रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों को लेकर उरगा थाना पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह कुछ ग्रामीण खेत में काम करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर रेलवे ट्रैक के किनारे पड़े एक व्यक्ति के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना उरगा थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, व्यक्ति ने टी-शर्ट और पैंट पहन रखी थी।
मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, एक संभावना यह भी है कि व्यक्ति रात के समय ट्रेन में यात्रा के दौरान गिर गया हो। दूसरी संभावना रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने किसी एक कारण की पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।
मृतक की पहचान के लिए उरगा थाना पुलिस ने उसका फोटो व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा किया है। आसपास के गांवों में मुनादी कराकर भी लोगों से पहचान में सहयोग मांगा जा रहा है।
पुलिस ने आसपास के रेलवे स्टेशनों और थानों को भी मृतक से संबंधित जानकारी भेजी है, ताकि उसकी पहचान जल्द की जा सके। इस दिशा में अलग-अलग माध्यमों से जानकारी जुटाने की कार्रवाई की जा रही है।
पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पहचान के लिए मर्चुरी में रखवा दिया गया है। उरगा थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक के हुलिए के आधार पर उसकी पहचान करता है या उसके बारे में कोई जानकारी रखता है, तो पुलिस को इसकी सूचना दे।
