कांकेर में 20.235 किलो गांजा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार, 6.52 लाख की संपत्ति जब्त

कांकेर में गांजा तस्करी मामले में पुलिस कार्रवाई के दौरान जब्त वाहन और संबंधित कार्रवाई
कांकेर पुलिस ने उजियारा अभियान के तहत 20.235 किलो गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
कांकेर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे उजियारा अभियान के तहत कांकेर पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल 20.235 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। कार्रवाई के दौरान गांजा, नकदी, मोबाइल फोन और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही हुंडई एस्टर कार समेत कुल 6 लाख 52 हजार 580 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई 27 अगस्त 2026 को सिटी कोतवाली क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान की गई। पुलिस टीम कांकेर बाईपास, आवासपारा और मनकेशरी चौक के आसपास वाहनों की जांच कर रही थी।

इसी दौरान सफेद रंग की हुंडई एस्टर कार क्रमांक CG 08 BG 6871 वहां पहुंची। पुलिस के अनुसार कार में सवार दो युवक टीम को देखकर वाहन से नीचे उतरे और भागने का प्रयास करने लगे।

पुलिस टीम ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और संदेह के आधार पर कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की से एक सफेद प्लास्टिक की बोरी और भूरे रंग के टेप से लिपटे दो अलग-अलग पैकेट बरामद हुए।

जांच में तीनों पैकेटों में गांजा पाया गया। वजन कराने पर प्लास्टिक की बोरी से 9.810 किलोग्राम, पहले पैकेट से 6.230 किलोग्राम और दूसरे पैकेट से 4.195 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस तरह कुल बरामद गांजे का वजन 20.235 किलोग्राम निकला।

पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 1 लाख 21 हजार 410 रुपये बताई है। आरोपियों के पास से 1,170 रुपये नकद और करीब 30 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

गांजा के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही हुंडई एस्टर कार को भी जब्ती में लिया गया है। पुलिस के अनुसार कार की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये है। इस कार्रवाई में जब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत 6 लाख 52 हजार 580 रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय सुभम मांढरे, निवासी किदवई वार्ड, देसाईगंज वाडसा, जिला गढ़चिरौली और 22 वर्षीय समीर पीलारे, निवासी जुनी वाडसा, थाना देसाईगंज, जिला गढ़चिरौली, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।

मामले में सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध क्रमांक 297/2026 दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत कार्रवाई की गई और उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ संदिग्ध वाहनों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال