![]() |
| सुपेला फ्लाईओवर पर लोहे से लदा ट्रक पलटने के बाद यातायात रोकना पड़ा। |
सुपेला फ्लाईओवर पर हुए हादसे में ट्रक चालक को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद ट्रक में लदा लोहे का सामान सड़क पर बिखर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। रायपुर से दुर्ग और नागपुर की ओर जाने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सुपेला फ्लाईओवर पर डिवाइडर से टकराकर पलटा ट्रक
जानकारी के मुताबिक, ट्रक रायपुर से लोहे का सामान लेकर महाराष्ट्र जा रहा था। सुपेला फ्लाईओवर पर पहुंचने के दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई। इससे तेज रफ्तार ट्रक पर से उसका नियंत्रण छूट गया और वाहन डिवाइडर से टकराकर पलट गया।
टक्कर के बाद ट्रक का अगला टायर फट गया। उसमें रखे लोहे के भारी वायर बंडल सड़क पर बिखर गए। हादसे के समय ट्रक के आसपास कोई दूसरा वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
करीब 2 घंटे बंद रहा फ्लाईओवर, सर्विस रोड से निकाले वाहन
हादसे के बाद सुपेला फ्लाईओवर पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया। सड़क पर लोहे के भारी बंडल बिखरे होने के कारण वाहनों की आवाजाही संभव नहीं थी।
स्थिति को संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों को सर्विस रोड से डायवर्ट किया। इसके बाद क्रेन की मदद से पलटे ट्रक और सड़क पर बिखरे लोहे के सामान को हटाने का काम शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद शाम करीब 5 बजे फ्लाईओवर पर यातायात सामान्य हो सका। इस दौरान रायपुर से दुर्ग और नागपुर की ओर जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कुम्हारी में तेल टैंकर पलटने से रायपुर-दुर्ग मार्ग पर जाम
सुपेला फ्लाईओवर हादसे के बाद शाम को कुम्हारी स्टेशन चौक ओवरब्रिज के पास एक तेल टैंकर भी पलट गया। इस दुर्घटना के कारण रायपुर-दुर्ग मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ गई।
सड़क पर बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए पुलिस ने रायपुर से दुर्ग आने वाले वाहन चालकों से कुम्हारी मार्ग के बजाय अमलेश्वर रोड का इस्तेमाल करने की अपील की, ताकि यातायात का दबाव कम किया जा सके।
ट्रैफिक एएसपी और सुपेला टीआई मौके पर पहुंचे
सुपेला फ्लाईओवर पर ट्रक पलटने की सूचना मिलने के बाद ट्रैफिक एएसपी कौशलेंद्र पटेल और सुपेला थाना प्रभारी एसएन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने क्रेन की व्यवस्था कर सड़क पर पलटे ट्रक और बिखरे लोहे के बंडलों को हटवाया। ट्रैफिक एएसपी कौशलेंद्र पटेल के मुताबिक, ट्रैफिक पुलिस की मदद से करीब 2 घंटे में सुपेला फ्लाईओवर पर वाहनों की आवाजाही सामान्य करा दी गई।
