![]() |
| कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र में भारी वाहन की टक्कर से इलेक्ट्रिक बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। |
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार को हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। करतला थाना क्षेत्र के रामपुर-नोनबिर्रा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहन ने इलेक्ट्रिक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक नोनबिर्रा के रहने वाले थे और एक ही परिवार से संबंधित बताए जा रहे हैं।
मृतकों की पहचान यशवंत गुप्ता (24), पिता हरि गुप्ता, और शुभम गुप्ता (20) के रूप में हुई है। हादसे के बाद भारी वाहन का चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
विजयादशमी पर पूजा का सामान छोड़कर लौट रहे थे युवक
परिजनों के मुताबिक, नोनबिर्रा में नौ दिनों तक मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। मंगलवार को विजयादशमी के अवसर पर विसर्जन कार्यक्रम पूरा होने के बाद यशवंत और शुभम इलेक्ट्रिक बाइक से पूजा का सामान छोड़ने पंडित के यहां गए थे।
पूजा का सामान छोड़कर दोनों युवक वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रामपुर-नोनबिर्रा मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार में छाया मातम
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया। विजयादशमी के अवसर पर जहां त्योहार का माहौल था, वहीं दो युवकों की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर करतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी गणेश राम यादव ने बताया कि पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद भारी वाहन चालक वाहन समेत फरार हो गया। अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। घटना से जुड़े सुराग जुटाने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है। इसके साथ ही ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फरार चालक की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
