• Advertisement •
CG Janwani Advertisement

दुर्ग गोदाम चोरी का बड़ा खुलासा, 98 हजार का सामान चोरी करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार; कबाड़ी भी पकड़ा गया

दुर्ग के समोदा में गोदाम चोरी मामले में पुलिस कार्रवाई
समोदा गोदाम चोरी मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
दुर्ग के ग्राम समोदा में निर्माण सामग्री से भरे गोदाम में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने करीब 98 हजार रुपये की निर्माण सामग्री चोरी की थी। चोरी का सामान खरीदने वाले एक कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि मामले में 3 विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका सामने आने पर उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस के मुताबिक, घटना 28 सितंबर 2026 की रात की है। दुर्ग के तमेर पारा निवासी 52 वर्षीय विमल कुमार ताम्रकार का ग्राम समोदा नदी रोड स्थित खेत में गोदाम है। इस गोदाम में सिविल ठेकेदारी से जुड़ी निर्माण सामग्री रखी हुई थी।

रात करीब 11:38 बजे मोबाइल पर गोदाम के पास संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने के बाद विमल कुमार वहां पहुंचे। करीब 12:25 बजे गोदाम पहुंचने पर उन्होंने कुछ लोगों को सामान चोरी कर ले जाते देखा। उन्हें रोकने की कोशिश के दौरान एक आरोपी ने लोहे के पाइप से उनके बाएं पैर में घुटने के नीचे हमला किया और इसके बाद आरोपी चोरी का सामान लेकर फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर जेवरा सिरसा चौकी में अपराध क्रमांक 853/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने धारा 307, 331 (4) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी लोकेश चन्द्राकर और भगवंत देशमुख को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ से अन्य आरोपियों की पहचान हुई और जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की निर्माण सामग्री कबाड़ी के पास बेची गई थी।

इसके बाद पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी अनुप मिश्रा उर्फ राजू को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों और कबाड़ी के कब्जे से चोरी की सामग्री के साथ बिक्री से प्राप्त रकम भी बरामद की।

पुलिस के अनुसार, मामले में कुल 6 आरोपियों को 30 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया। वहीं, 3 विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

बरामद सामान में 7.5 एचपी का थ्री-फेस मोटर पंप, कांक्रीट वाइब्रेटर, 3.5 टन और 6 टन क्षमता के हाइड्रोलिक जैक, प्लेट वाइब्रेटर और कांक्रीट पंप का बेंड पाइप शामिल हैं। पुलिस ने करीब 40 किलो एल्युमिनियम अर्थिंग केबल और 30 किलो लोहे का स्क्रैप भी बरामद किया है।

इसके अलावा एमएस पाइप का करीब 20 मीटर टुकड़ा, नट-बोल्ट, घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का पाइप और चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त रकम में से 1,000 रुपये भी पुलिस ने बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, मामले में वासु निषाद और गिरवर यादव अभी फरार हैं। दोनों की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post
• Advertisement •
CG Janwani Advertisement

نموذج الاتصال