दुर्ग में दो हादसे: खारून नदी में 15 वर्षीय युवक का शव मिला, तांदुला नहर में युवक लापता

दुर्ग जिले में खारून नदी और तांदुला नहर की घटनाओं से संबंधित SDRF रेस्क्यू अभियान
दुर्ग जिले में खारून नदी में किशोर का शव बरामद होने के बाद तांदुला नहर में लापता युवक की तलाश जारी है।
दुर्ग जिले में नदी और नहर में डूबने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। कुम्हारी थाना क्षेत्र की खारून नदी में डूबे 15 वर्षीय राज गुप्ता का शव शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे बरामद किया गया। वहीं, जामगांव आर थाना क्षेत्र की तांदुला नहर में बाइक समेत गिरे दुर्गेश ठाकुर का अब तक पता नहीं चल पाया है। दोनों घटनाओं में SDRF की टीमें तलाश और रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।

पहली घटना 22 अक्टूबर को खारून नदी में हुई थी। राज गुप्ता अपने दोस्त निलेश ठाकुर के साथ रायपुर से अकोला गांव के पास नदी पहुंचे थे। नहाने के बाद दोनों नदी के बीच एक पक्षी पकड़ने के लिए पानी में उतरे, लेकिन गहराई और गड्ढे का अंदाजा नहीं लगा पाने के कारण राज गहरे पानी में डूबने लगे।

मौके पर मौजूद मछुआरों ने निलेश ठाकुर को बचा लिया, लेकिन राज को नहीं बचाया जा सका। घटना की सूचना मिलने पर कुम्हारी पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। रात में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन किशोर का पता नहीं चला।

शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे SDRF ने दोबारा सघन तलाशी शुरू की। प्रशिक्षित गोताखोर चंद्रप्रताप जंघेल ने तेज बहाव के बीच डिप डाइविंग के जरिए तलाश की। करीब सुबह 8 बजे राज गुप्ता का शव बरामद हुआ। इसके बाद शव को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए मौके पर मौजूद कुम्हारी थाना पुलिस और परिजनों को सौंपा गया।

मृतक की पहचान राज गुप्ता (15), पिता रिंकू गुप्ता, निवासी गोगांव, सीता नगर, रायपुर के रूप में हुई है। वहीं, बचाए गए किशोर का नाम निलेश ठाकुर (15) है, जो धर्मेंद्र ठाकुर के पुत्र हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और काम के सिलसिले में रायपुर में रह रहे थे।

दूसरी घटना 22 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे जामगांव आर थाना क्षेत्र में हुई। SDRF से मिली जानकारी के अनुसार, गाड़ाडीह के पास गुढ़ियारी और कानाकोट के बीच स्थित तांदुला पुल पर एक बाइक सवार युवक की गाड़ी अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गई। इसके बाद युवक बाइक समेत नहर में गिर गया।

सूचना मिलने पर SDRF की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। नहर में गिरे युवक की पहचान दुर्गेश ठाकुर, निवासी ग्राम तिलोदा, जिला बालोद के रूप में हुई है। जामगांव आर थाना पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है।

फिलहाल दुर्गेश ठाकुर का पता नहीं चल पाया है। उनकी उम्र और पिता के नाम की जानकारी उपलब्ध नहीं है। SDRF की टीम नहर में तलाश अभियान चला रही है।
दुर्ग जिले में खारून नदी और तांदुला नहर की घटनाओं से संबंधित SDRF रेस्क्यू अभियान
दुर्ग जिले में खारून नदी में किशोर का शव बरामद होने के बाद तांदुला नहर में लापता युवक की तलाश जारी है।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال