![]() |
| कन्हेरा गांव के पास NH-30 पर ट्रक और एंबुलेंस की भिड़ंत में दो लोगों की मौत। |
हादसा खंडसरा चौकी क्षेत्र में हुआ। टक्कर की सूचना मिलने के बाद चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल व्यक्ति को तत्काल जिला अस्पताल बेमेतरा पहुंचाया। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस क्रमांक CG 04 PR 4622 रायपुर के एक निजी अस्पताल की है। बताया गया है कि एंबुलेंस कवर्धा क्षेत्र के एक गांव में शव छोड़ने के बाद रायपुर लौट रही थी।
वहीं, ट्रक तिल्दा से चावल खाली करने के बाद कवर्धा की ओर जा रहा था। इसी दौरान कन्हेरा गांव के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्ति एंबुलेंस से जुड़े बताए जा रहे हैं। हालांकि, दोनों की पहचान और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हादसे के बाद खंडसरा चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों वाहनों की स्थिति और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद हादसे से जुड़ी स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
