![]() |
| साजा थाना क्षेत्र में मवेशी तस्करी के दो मामलों में पुलिस ने 13 मवेशी और 3 पिकअप वाहन जब्त किए। |
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 13 मवेशियों के साथ तस्करी में इस्तेमाल तीन पिकअप वाहन भी जब्त किए। पुलिस के अनुसार, जब्त मवेशियों की कीमत करीब 3 लाख 51 हजार रुपये और तीन पिकअप वाहनों की कीमत करीब 6 लाख 50 हजार रुपये है। इस तरह जब्ती की कुल कीमत करीब 10 लाख 1 हजार रुपये बताई गई है।
पहला मामला ग्राम कोदवा का है। गणेश वैष्णव की शिकायत पर पुलिस ने दो पिकअप वाहनों को रोककर जांच की। इन वाहनों में कुल आठ भैंस और पड़वा ले जाए जा रहे थे। वाहनों के नंबर MP 28 ZC 7258 और CG 10 BF 4386 बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, इन वाहनों में सवार जीवन पटेल, प्रेमलाल ठाकरे, कलपेश बिसेन और दीप कश्यप मवेशियों से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद मामले में पुलिस ने पूछताछ और विवेचना की।
दूसरे मामले में एक पिकअप वाहन क्रमांक MP 50G 2632 में पांच मवेशियों को ले जाने की सूचना मिली। गणेश वैष्णव ने वाहन को रोककर इसकी जानकारी पुलिस को दी। जांच के दौरान वाहन में एक भैंस, एक भैंस का बच्चा, दो पड़वा और एक पड़िया मिली।
इस मामले में लक्ष्मीकांत चौधरी और विजय चौधरी मवेशियों से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। पुलिस ने पूछताछ और विवेचना के बाद दोनों मामलों में आरोपियों की संलिप्तता की बात कही है।
गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के जीवन पटेल, प्रेमलाल ठाकरे, कलपेश बिसेन, लक्ष्मीकांत चौधरी और विजय चौधरी शामिल हैं। वहीं, मुंगेली जिले के दीप कश्यप को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज किया है।
सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया। मामले में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई में 13 मवेशी और तीन पिकअप वाहन जब्त किए गए हैं।
