![]() |
| सेरीखेड़ी मोड़ पर डिवाइडर से टकराने के बाद कार सड़क पर पलट गई। |
यह हादसा मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस के मुताबिक शिवानी अपने साथियों के साथ बेलनो कार क्रमांक CG 04 NW 7718 से नया रायपुर की ओर से सेरीखेड़ी की तरफ जा रही थी। सेरीखेड़ी मोड़ के पास कार अचानक अनियंत्रित हुई और डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई।
घटना की सूचना मिलने पर मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास मौजूद लोगों की मदद से हादसे की जानकारी पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद घायलों को इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया।
मृतका की पहचान शिवानी सिंह ठाकुर के रूप में हुई है। वह जशपुर के बाजारपारा की रहने वाली थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे में अनंत सोनकर निवासी रामबाग, धमतरी, प्रखर सोनकर निवासी पुरानी बस्ती, रायपुर और सेजल सोनकर भी घायल हुए हैं। तीनों का उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार शिवानी के सिर के पास गंभीर चोट आई थी। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी में कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के कारणों के साथ-साथ कार की रफ्तार से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
