![]() |
| मॉडिफाइड उड़ान योजना के नए चरण के तहत छत्तीसगढ़ में हवाई संपर्क और हेली-कनेक्टिविटी के विस्तार की संभावनाएं। |
मुख्यमंत्री साय के मुताबिक इस पहल से प्रदेश में हवाई संपर्क बढ़ाने, हवाई पट्टियों के विकास और दूरस्थ क्षेत्रों में हेली-कनेक्टिविटी के विस्तार की संभावनाओं को मजबूती मिलेगी। उनका कहना है कि बेहतर हवाई संपर्क का लाभ केवल बड़े शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि छोटे शहरों और दूरस्थ अंचलों तक भी पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से नागरिकों का आवागमन आसान होगा। इसके साथ ही पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसरों की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। प्रदेश के प्राकृतिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों तक पहुंच बेहतर होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की उम्मीद जताई गई है।
दूरस्थ क्षेत्रों में हेली-कनेक्टिविटी का विस्तार आपातकालीन चिकित्सा सहायता, आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों के लिए भी उपयोगी बताया गया है। मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ देश के विस्तारित होते विमानन नेटवर्क से और मजबूती से जुड़ेगा। वहीं, मॉडिफाइड उड़ान योजना के तहत देश में मौजूदा अनुपयोगी हवाई पट्टियों से 100 हवाई अड्डे और दूरस्थ क्षेत्रों में 200 आधुनिक हेलीपैड विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
