![]() |
| दुर्ग में शेयर बाजार में निवेश के नाम पर परिवार से करोड़ों रुपए लेने के मामले में आरोपी गिरफ्तार। |
दुर्ग में शेयर बाजार में निवेश कर ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक परिवार से 3 करोड़ 4 लाख 50 हजार रुपए लेने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, अमलेश्वर निवासी प्रकाश सिन्हा ने खुद की शेयर ट्रेडिंग कंपनी होने की बात कहकर परिवार के 10 सदस्यों को निवेश के लिए तैयार किया था। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। प्रेम सागर चौक, वार्ड नंबर 6, बैगापारा निवासी कृष्ण कुमार चंद्राकर (56) की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने 24 नवंबर 2021 से 13 जनवरी 2022 के बीच अलग-अलग बैंक खातों से आरोपी के खाते में कुल 3 करोड़ 4 लाख 50 हजार रुपए ट्रांसफर किए थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने परिवार को भरोसा दिलाया था कि उसके जरिए शेयर ट्रेडिंग में पैसा लगाने पर सामान्य निवेश की तुलना में ज्यादा मुनाफा मिलेगा। इसी भरोसे के आधार पर परिवार के 10 सदस्यों से अलग-अलग बैंक खातों के जरिए रकम ट्रांसफर कराई गई।
कुछ समय बाद आरोपी ने 1 करोड़ 3 लाख 60 हजार रुपए वापस कर दिए। हालांकि, पुलिस के अनुसार 2 करोड़ 90 हजार रुपए अब भी वापस नहीं किए गए हैं। बड़ी रकम वापस नहीं मिलने के बाद परिवार की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने एक ही परिवार के कई सदस्यों से रकम ली और बाद में कुछ पैसा वापस किया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी ने जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कहां किया और क्या वास्तव में उस पैसे को शेयर बाजार में निवेश किया गया था।
कृष्ण कुमार चंद्राकर ने 29 अगस्त को सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी। रकम 2 करोड़ रुपए से अधिक होने के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू की।
शिकायत के कुछ ही घंटे बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी भूमिका स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
फिलहाल पुलिस मामले में रकम के इस्तेमाल और कथित शेयर निवेश से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
