![]() |
| भिलाई स्टील प्लांट के कॉपर वायर चोरी मामले में पुलिस ने दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया। |
यह मामला 12 अगस्त की रात का है। जंक्शन-12 के कोक ओवन क्षेत्र की गैलरी से कुछ लोग कॉपर वायर समेत अन्य सामग्री चोरी कर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की टीम ने उस दौरान कुछ आरोपियों को चोरी के सामान के साथ पकड़ लिया था।
इसके बाद 13 अगस्त को भिलाई भट्ठी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम जोरातराई में दबिश देकर घनश्याम मंडावी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार, पहले गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 160 किलो कॉपर वायर बरामद हुआ था, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई गई। इसके अलावा करीब 7 हजार रुपए कीमत का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। ये दोनों घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।
इसी दौरान 20 सितंबर को पुलिस टीम ने ग्राम जोरातराई क्षेत्र में दबिश देकर निखिल कुमार साहू और किशन ठाकुर को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने प्लांट में हुई चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रात के समय सुरक्षा व्यवस्था से बचते हुए दीवार फांदकर भिलाई स्टील प्लांट परिसर में दाखिल हुए थे। इसके बाद कॉपर वायर और अन्य सामग्री चोरी करने की कोशिश की गई थी।
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में इससे पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से बरामद कॉपर वायर और मोबाइल फोन को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
