![]() |
| भिलाई के सेक्टर-6 में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा। |
घटना बुधवार सुबह करीब 8:30 से 9 बजे के बीच की बताई गई है। मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग है, जबकि दूसरा बालिग है।
जानकारी के मुताबिक, छात्रा रोज की तरह ट्यूशन जाने के लिए घर से निकली थी। ट्यूशन से लौटने के बाद उसे अपनी सहेली के घर जाना था। इसी दौरान भिलाई स्टील प्लांट क्षेत्र के सेक्टर-6 में खंडहर पड़ी इमारतों और झाड़ियों के बीच दोनों आरोपियों ने उसे अकेला देखकर रास्ते में रोक लिया।
आरोप है कि दोनों ने छात्रा को घेर लिया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगे। छात्रा ने खुद को बचाने के लिए मदद के लिए आवाज लगाई और लगातार चिल्लाती रही। सुनसान इलाका होने और आसपास खंडहरनुमा इमारतें व झाड़ियां होने के कारण तत्काल कोई मदद के लिए नहीं पहुंच सका।
कुछ देर बाद इसी रास्ते से गुजर रहे स्थानीय युवकों ने छात्रा के चिल्लाने की आवाज सुनी। वे खंडहर की तरफ पहुंचे तो उन्होंने दोनों लड़कों को छात्रा के साथ जबरदस्ती करते देखा। युवकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। युवकों को अपनी ओर आता देखकर दोनों आरोपी वहां से निकलने की कोशिश करने लगे।
इसके बाद स्थानीय युवकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को सुरक्षित किया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र और संभावित रास्तों पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने घटना के करीब चार घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, एक आरोपी नाबालिग है और दूसरे की उम्र बालिग है।
कार्रवाई के बाद नाबालिग आरोपी को बाल न्यायालय में पेश किया गया। वहीं, बालिग आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। मामले में उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पुलिस की कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।
