![]() |
| रायपुर में 60 लाख रुपए की चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। |
मामला 28 जुलाई का है। अरिहंत नगर निवासी रविकांत गुप्ता घर में ताला लगाकर परिवार के साथ बाहर गए थे। इसी दौरान आरोपियों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी का लॉकर तोड़कर जेवरात, नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
घटना की शिकायत मिलने के बाद आमानाका पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की तलाश और वारदात का खुलासा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल की जांच की। टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ इलाके में लगे CCTV कैमरों की हजारों रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्ध लोगों और वाहनों की आवाजाही की जानकारी जुटाकर आगे की जांच की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने पुराने चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों और हाल ही में जेल से बाहर आए संदिग्धों की जानकारी भी जुटाई। इसी जांच से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने करण तांडी उर्फ केडे और लक्ष्मी नारायण गोस्वामी उर्फ मोंटी को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शुरुआत में चोरी की वारदात में शामिल होने से इनकार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों ने पूछताछ के दौरान टीम को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन मौजूद ठोस सबूतों के बुनियाद पर बयान लेने पर उन्होंने चोरी करना मंजूर कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य चोरी का सामान बरामद किया। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पुलिस के अनुसार, जब्त सामान की कुल कीमत करीब 60 लाख रुपए है।
पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पंडरी थाने में पहले से चोरी और मारपीट के मामले दर्ज हैं। इससे पहले भी दोनों जेल जा चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लक्ष्मी नारायण के खिलाफ 12 जुलाई को दुबे कॉलोनी स्थित श्री बालाजी मेडिकल कॉलेज कैंपस में AC के कॉपर वायर चोरी का मामला दर्ज हुआ था। इस केस के बाद से वह फरार चल रहा था। अब पुलिस इस मामले में भी उसकी गिरफ्तारी की कार्रवाई करेगी।
