दुर्ग जिला अस्पताल की MCH OT में चींटियां, तीन दिन से बंद सिजेरियन डिलीवरी

दुर्ग जिला अस्पताल की MCH यूनिट के ऑपरेशन थिएटर में चींटियों के कारण सिजेरियन डिलीवरी बंद, मरीजों की सर्जरी मेजर OT में शिफ्ट
MCH OT में चींटियों के कारण सिजेरियन डिलीवरी मेजर OT में शिफ्ट की गई।

दुर्ग जिला अस्पताल की मदर-चाइल्ड यूनिट (MCH) के ऑपरेशन थिएटर में चींटियों का जमावड़ा होने की वजह से पिछले तीन दिनों से सिजेरियन डिलीवरी नहीं हो पा रही है। संक्रमण की आशंका को देखते हुए सभी सिजेरियन ऑपरेशन मेजर OT में शिफ्ट कर दिए गए हैं। इसके चलते वहां पहले से तय होने वाली दूसरी सर्जरी भी प्रभावित हो रही हैं।

मेजर OT में अब दूसरी टेबल पर केवल इमरजेंसी ऑपरेशन किए जा रहे हैं। सिजेरियन डिलीवरी वहीं कराई जा रही है, जबकि आर्थो और अन्य प्लांड सर्जरी फिलहाल नहीं हो पा रही हैं। इससे रोजाना होने वाली औसतन पांच निर्धारित सर्जरी रोकनी पड़ी हैं।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार MCH OT में चींटियां आने के पीछे पेस्ट कंट्रोल में लापरवाही और निर्माण संबंधी खामियां प्रमुख कारण मानी जा रही हैं। इसी वजह से ऑपरेशन थिएटर को बंद कर पेस्ट कंट्रोल के साथ जरूरी निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि OT को दोबारा शुरू होने में अभी करीब दो दिन और लग सकते हैं।

MCH यूनिट के ऑपरेशन थिएटर में चींटियां मिलने के बाद शुरुआत में सिजेरियन डिलीवरी टीटी OT में कराई गई थी। हालांकि कुछ ऑपरेशन होने के बाद विभागाध्यक्ष डॉ. बी. आर. साहू ने लिखित रूप से सेप्सिस की आशंका जताई। इसके बाद सभी सिजेरियन डिलीवरी मेजर OT में स्थानांतरित कर दी गईं।

जिला अस्पताल में वर्तमान में तीन जनरल सर्जन, दो आर्थो सर्जन और दो नाक, कान एवं गला विशेषज्ञ पदस्थ हैं। फिलहाल सिजेरियन डिलीवरी मेजर OT में की जा रही है और उसी ऑपरेशन थिएटर में टीटी (नसबंदी) की सर्जरी भी जारी है।

सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने बताया कि MCH यूनिट के ऑपरेशन थिएटर में चींटियां दिखाई देने के तुरंत बाद उसे बंद कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि सभी सिजेरियन डिलीवरी फिलहाल मेजर OT में कराई जा रही हैं। मेजर OT की एक टेबल खाली रहने के कारण वहीं केवल जरूरी दूसरी सर्जरी की जा रही है। उन्होंने बताया कि MCH OT को दोबारा शुरू करने में अभी लगभग दो दिन और लगेंगे, क्योंकि पेस्ट कंट्रोल के साथ निर्माण संबंधी कार्य भी कराया जा रहा है।

CG Janvani Team

नमस्कार! मैं CG JanVani का Founder एवं Editor हूँ। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सही, निष्पक्ष और तेज़ खबरें लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाना है। हम दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खबरें, सरकारी योजनाएँ, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और जनहित की जानकारी प्रकाशित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हर खबर तथ्य आधारित, भरोसेमंद और पाठकों के लिए उपयोगी हो।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال