![]() |
| दीपावली के दौरान पटाखा दुकानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दुर्ग प्रशासन ने व्यापारियों को जरूरी निर्देश दिए। |
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पटाखा दुकानों के संचालन के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी रखने से लेकर अग्निशमन उपकरण, CCTV कैमरे और पार्किंग की व्यवस्था तक कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
हर छह दुकानों के बीच खाली जगह रखना अनिवार्य
बैठक में अधिकारियों ने निर्देश दिए कि प्रत्येक छह पटाखा दुकानों के बीच पर्याप्त खाली स्थान रखा जाए। इसका उद्देश्य किसी अप्रिय घटना की स्थिति में राहत और बचाव कार्य को आसानी से संचालित करना है।
इसके साथ ही प्रत्येक दुकान में रेत और पानी से भरी बाल्टियां तथा आग बुझाने वाला यंत्र रखना अनिवार्य किया गया है। दुकानों के आसपास ज्वलनशील सामग्री रखने पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
पटाखा बाजार में CCTV और सुरक्षा गार्ड रहेंगे तैनात
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पटाखा दुकानों और पूरे परिसर में CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा बाजार में पर्याप्त संख्या में सुरक्षा गार्ड तैनात करने को कहा गया है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल, एसडीएम प्रफुल्ल गुप्ता, सीएसपी देवांश सिंह राठौर, एसडीआरएफ के अधिकारी, नगर निगम के बाजार प्रबंधन अधिकारी, दुर्ग थाना प्रभारी और पटाखा व्यापारी उपस्थित रहे।
पार्किंग और पुलिस कंट्रोल रूम की होगी व्यवस्था
दीपावली के दौरान पटाखे खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापारियों को अलग से पार्किंग व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
परिसर में पुलिस कंट्रोल रूम के लिए एक अलग टेंट भी लगाया जाएगा। यहां माइक के माध्यम से आवश्यक सूचनाएं प्रसारित की जाएंगी। CCTV कैमरों की मदद से पूरे परिसर पर निगरानी रखी जाएगी, जिससे सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन में सहायता मिलेगी।
वैध लाइसेंस वाले व्यापारी ही बेच सकेंगे पटाखे
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पटाखों की बिक्री केवल वैध लाइसेंस प्राप्त व्यापारी ही कर सकेंगे। सभी दुकानदारों को अपना लाइसेंस दुकान के सामने ऐसी जगह प्रदर्शित करना होगा, जहां वह आसानी से दिखाई दे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पटाखों की बिक्री और भंडारण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करना आवश्यक होगा।
जेआरडी स्कूल मैदान का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
व्यापारियों के साथ बैठक के बाद अधिकारियों ने जेआरडी स्कूल मैदान पहुंचकर संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान पटाखा दुकानों के लिए निर्धारित स्थान, दुकानों के बीच दूरी, अग्नि सुरक्षा और अन्य आवश्यक इंतजामों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को निर्देश दिया गया कि दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री और भंडारण निर्धारित सुरक्षा नियमों के तहत ही किया जाए। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
