![]() |
| बिलासपुर में 82.63 लाख रुपये की कथित ठगी के मामले में सरकंडा पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया। |
पुलिस के मुताबिक श्री विहार, सरकंडा निवासी चेतन आनंद दुबे की वर्ष 2025 में Facebook के जरिए आरोपी महिला से पहचान हुई थी। महिला ने खुद को राष्ट्रीय पार्टी की कार्यकर्ता बताते हुए बड़े नेताओं से संपर्क होने का दावा किया था।
पुलिस के अनुसार शुरुआत में आरोपी ने जमीन विवाद सुलझाने में मदद करने का भरोसा दिलाकर चेतन आनंद दुबे का विश्वास हासिल किया। इसके बाद राजनीति में बड़ा पद और पार्टी में ज्वाइनिंग दिलाने के नाम पर रकम लेने का सिलसिला शुरू हुआ।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पार्टी फंड और कागजी प्रक्रिया के नाम पर प्रार्थी के साथ उसके दोस्तों सतीश अग्रहरी, अंकित पाण्डेय और डॉ. गायत्री गुप्ता के खातों से रकम ली। कुछ राशि नकद भी ली गई। इस तरह कुल 82,63,194 रुपये लिए जाने का आरोप है।
शिकायत के अनुसार रकम वापस मांगने पर आरोपी ने झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद मामले की शिकायत सरकंडा थाने में की गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 1376/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत जांच शुरू की।
पुलिस द्वारा गठित विशेष टीम ने झगराखांड-खोंगापानी क्षेत्र से महिला को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसके पास से मोबाइल, आधार और बायोडाटा जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया। झगराखांड में मारपीट, वसूली और जुआ एक्ट से जुड़े मामलों के साथ रायपुर के सिविल लाइन थाने में वसूली का मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
आपराधिक इतिहास सामने आने के बाद मामले में BNS की धारा 119(1) भी जोड़ी गई। पुलिस ने गिरफ्तार महिला को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
