![]() |
| बेमेतरा सिटी कोतवाली पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई में 45 पौवा देशी मसाला शराब और मोटरसाइकिल जब्त की गई। |
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एनएच-30 पर बेमेतरा-कवर्धा बाईपास मार्ग के ग्राम भोईनाभाठा में अगम डेली नीड्स के सामने की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर शराब लेकर ग्राहकों को बेचने के लिए पहुंचा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की टंकी के ऊपर रखी बोरी से 45 पौवा देशी मसाला शराब बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, जब्त शराब की कुल मात्रा 8,100 एमएल है। शराब की कीमत करीब 4,500 रुपये बताई गई है, जबकि शराब ले जाने में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह जब्त सामान की कुल कीमत करीब 34,500 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी की पहचान लल्लू लहरे, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम छीतापार, बेमेतरा के रूप में की है। सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोनम ग्वाला ने बताया कि अवैध शराब ले जाने की सूचना के आधार पर कवर्धा बाईपास रोड पर टीम ने कार्रवाई की और आरोपी को शराब व बाइक के साथ पकड़ा।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
